आजमगढ़ : कर्तव्य में लापरवाही पर पवई थाने के उपनिरीक्षक निलंबित

आजमगढ़ शहर

उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी, विवेचना में लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोप में कार्रवाई

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा पर थाना पवई में तैनाती के दौरान पंजीकृत कई मुकदमों, जिनमें लूट का एक गंभीर मामला बाद में डकैती की धारा में परिवर्तित हुआ, की विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। बताया गया कि उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद उन्होंने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया और मुकदमों के निस्तारण में भी रुचि नहीं दिखाई। इसके अलावा क्षेत्र में भ्रमण, वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान आमजन के साथ अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण व्यवहार करने तथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का भी आरोप है। प्रथम दृष्टया इन आरोपों को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *