आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन दशाव गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से 55 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार जमीन दशाव गांव निवासी जोखू (55) पुत्र परसु बुधवार को अपने खेत में बिजली की मोटर से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान मोटर में लगे कटे हुए विद्युत तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि शाम करीब चार बजे तक जब जोखू घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। खेत पर पहुंचने पर वह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।मृतक अपने पीछे पत्नी तिजा और चार पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।मृतक के पुत्र गुलाब ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता की खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से मौत हुई है।थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
