बारिश बनी काल, मकान ढहा; एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

खबर लखनऊ

रात में सो रहे थे परिवार के सदस्य, मलबे में दबे सात लोगों में एक घायल

प्रतापगढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के महूली मोहल्ले में गुरुवार तड़के भारी बारिश के बीच करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार महूली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। गुरुवार तड़के करीब दो बजे परिवार के सभी सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान अचानक ढह गया और सभी लोग मलबे के नीचे दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में एक दंपती, उनका बेटा, बहू और दो मासूम बच्चों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही भारी बारिश और मकान की जर्जर स्थिति को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *